Singrauli News: परीक्षा के दिन भी अव्यवस्था, सैमफोर्ड स्कूल पर अभिभावकों का आरोप
मार्च की फीस लेने के बावजूद वाहन सुविधा नहीं

बरगवां। जिले के डगा-बरगवां स्थित सैमफोर्ड स्कूल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा के दिन स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण छात्रों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामला सीबीएससी से जुड़ी परीक्षा के दौरान सामने आया, जिससे छात्रों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा मार्च महीने की पूरी फीस वसूली गई, जिसमें परिवहन सुविधा का शुल्क भी शामिल बताया गया है। इसके बावजूद परीक्षा के दिन छात्रों को लाने के लिए स्कूल की ओर से वाहन नहीं भेजे गए। अचानक सामने आई इस स्थिति के कारण काफी इंतजार करने के बाद अपने-अपने वाहन से देरी से स्कूल पहुंचे और उन्हें मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि फीस वसूलने के समय ऐसी कोई बातें नही बताई गई थी, लेकिन अंतिम समय में हुई इस लापरवाही ने बच्चों और अभिभावकों को असमंजस में डाल दिया।
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में मनमानी का माहौल बना हुआ है और शिकायत करने के बाद भी उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी स्कूल की मान्यता को लेकर सवाल उठ चुके हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन ने मीडिया कर्मियों के सवालों पर गोलमोल जवाब दिया है, जिससे अभिभावकों की नाराजगी और बढ़ गई है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।




