Sonbhadra News: बहला-फुसलाकर नाबालिग को किया अगवा, मंदिर में की शादी
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में किया पेश भेजा जेल

बभनी। थाना क्षेत्र की 10वीं की छात्रा को बहलाकर अगवा करने और जबरन मंदिर में शादी करने का मामला आया है। इसमें पुलिस ने 34 दिन बाद पीड़िता को खोजा।
आठ फरवरी को पीड़िता के पिता ने नाबालिग बेटी को लापता होने की तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि उसकी बेटी चार फरवरी को लापता हो गई। शक जताया था कि घघरी निवासी पवन कुमार ने उसे बहला फुसलाकर अगवा किया है। प्राथमिकी दर्ज होने के सप्ताह भर बाद भी पीड़िता का पता न चलने पर 16 फरवरी को पिता ने पुलिस लाइन जाकर एसपी से गुहार लगाई थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पीड़िता को खोजा।
आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया। वहीं आरोपी के पिता, माता, बड़े भाई, उसकी पत्नी और पड़ोसी ने मिलकर मंदिर में जबरन उसकी शादी भी करा दी है। आरोपी के इस कृत्य से उसकी बेटी 18 फरवरी से शुरू हुई यूपी बोर्ड (10वीं) की परीक्षा भी नहीं दे पाई। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि किशोरी को आरोपी पवन कुमार को गिरफ्तार कर अपहरण के आरोप में बुधवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षाम कराया जा रहा है। उसकी जो रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर पूर्व में दर्ज प्राथमिकी में संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई की जाएगी।




