Singrauli News: कड़ी सुरक्षा में परिजनों ने शव का किया अंतिम संस्कार
पवन हत्याकांड का मामला, कई जिले की पुलिस ने संभाला मोर्चा, कलेक्टर से मिले पीड़ित परिवार, स्थिति सामान्य

सिंगरौली । मोरवा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय बालक पवन शाह की हत्या के बाद आज दूसरे दिन इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। इस दौरान हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। वहीं जिले के साथ-साथ सीमावर्ती जिलों रीवा, सीधी और सतना से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया। बीते दिन बुधवार को शव मिलने के बाद भड़के आक्रोश और हिंसक को घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पलिस और प्रशासन परी तरह अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
बता दें कि साईनगर, सर्किट हाउस, पुरानी बाजार, अंबेडकर नगर, गैस गोदाम क्षेत्र और चटका मुक्तिधाम सहित कई इलाकों को संवेदनशील घोषित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिले के विभिन्न थानों के साथ-साथ सीमावर्ती जिले से भी पुलिस बल बुलाया गया। बुधवार की देर रात ही शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजन राजी हो गये थे। इस दौरान विधायक रामनिवास शाह, एसपी भी मोरवा पहुंचे थे। आज दिन गुरूवार को सुबह शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में हुआ। इस दौरान मृतक के समर्थक हंगामा करते रहे। समझाइस के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर चटका मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हुआ। वहीं एसडीओपी राहुल कुमार सैयाम ने मीडिया कर्मियों के कहा कि मृतक की परिजनों के सहमति पर शव का पोस्टमार्टम हुआ है, स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।
पोस्टमार्टम के बाद कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार
आज दिन गुरुवार को पवन शाह के शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय बैढ़न में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कराया गया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और किसी भी तरह की भीड़ या अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव को कड़ी सुरक्षा के बीच परिजनों को सौंपा गया और पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह का तनाव दोबारा न भड़क सके!
कलेक्टर से मिले परिजन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पवन शाह हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और कलेक्टर गौरव बैनल से मुलाकात की। परिजनों ने घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। परिजनों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। कलेक्टर ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पूरी तरह से सतर्क रही पुलिस पवन शाह हत्याकांड के बाद मोरवा क्षेत्र में पूरे दिन तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोगों की दिनचर्या पुलिस के सायरन के साये में गुजरती दिखी। बुधवार को शव मिलने के बाद भड़के आक्रोश और थाने के सामने हुए पथराव व तोड़फोड़ की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और लगातार पेट्रोलिंग की गई। पुलिस वाहनों के सायरन और जवानों की तैनाती से क्षेत्र में सुरक्षा का कड़ा घेरा नजर आया। हालांकि बीती रात पंकज गुप्ता के एक स्कॉर्पियों वाहन को अराजकतत्वों ने आग के हवाले कर दिया था।




