Singrauli News: नशे में स्कूल पहुंचता था शिक्षक, बच्चों ने छोड़ा स्कूल

सिंगरौली । जिले की शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला बरगवां थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक पाठशाला मझौली टोला, मझगवां-2 से सामने आया है।
यहां पदस्थ शिक्षक लखपति सिंह पर शराब के नशे में स्कूल आने और बच्चों की पढ़ाई को नजरअंदाज करने के आरोप लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों के अनुसार शिक्षक रोज नशे की हालत में स्कूल पहुंचते थे, उपस्थिति दर्ज कराते और थोड़ी देर बाद वापस घर चले जाते थे। इस दौरान बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं। स्कूल में करीब 25 से 30 बच्चे दर्ज हैं, लेकिन हालात इतने खराब हो गए कि आधे से ज्यादा बच्चों ने स्कूल आना ही छोड़ दिया। अभिभावकों का कहना है कि पढ़ाई न होने और डर के माहौल के कारण उन्होंने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया। ग्रामीणों का दावा है कि यह समस्या नई नहीं, बल्कि कई वर्षों से जारी है। जब भी किसी ने शिक्षक से इस संबंध में सवाल किया, तो कथित तौर पर उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। इससे क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ गए हैं।




