Singrauli News: गोरबी चौकी क्षेत्र में कोयला व कबाड़ माफिया बेखौफ
मालगाड़ी से कोयला और खदानों से बेशकीमती पार्ट्स की हो रही चोरी

मोरवा (सिंगरौली)। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरबी चौकी इलाके में इन दिनों अवैध कारोबार और जरायम के धंधे जोरों पर हैं। मिनीरत्न कंपनी एनसीएल (NCL) की खदानों और मालगाड़ियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे कंपनी को भारी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस पूरे खेल में स्थानीय पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की कथित संलिप्तता ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिलाओं और बच्चों का हो रहा इस्तेमाल
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महदेईया रेलवे स्टेशन के पास एनसीएल की मालगाड़ियों से धड़ल्ले से कोयला चोरी किया जा रहा है। कोयला माफियाओं द्वारा इस अवैध काम में जानबूझकर महिलाओं और बच्चों का ढाल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। ये लोग मालगाड़ी से कोयला उतारकर उसे अवैध बाजार में खपा रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

पुलिस और सिक्योरिटी की मिलीभगत से कबाड़ चोरी
कोयला चोरी के अलावा, एनसीएल की खदानों से कबाड़ चोरी का एक बड़ा रैकेट भी क्षेत्र में सक्रिय है। सूत्रों का आरोप है कि क्षेत्र के कबाड़ियों द्वारा एनसीएल के बेशकीमती मशीनरी पार्ट्स को खदानों से पार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बड़े पैमाने पर हो रही चोरी में एनसीएल के सुरक्षाकर्मियों (सिक्योरिटी) और गोरबी पुलिस की कथित तौर पर सीधी मिलीभगत है। रक्षक ही जब भक्षक बन जाएं, तो ऐसे में कंपनी की सुरक्षा राम भरोसे ही नजर आती है।
एनसीएल को हो रहा भारी नुकसान
पुलिस और सुरक्षा गार्ड्स की इस संदिग्ध कार्यप्रणाली और माफियाओं के बेखौफ रवैये के चलते एनसीएल को करोड़ों का फटका लग रहा है। खुलेआम चल रहे इस अवैध कारोबार ने गोरबी पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में ला खड़ा किया है। अब देखना यह है कि सिंगरौली जिले के आला पुलिस अधिकारी और एनसीएल प्रबंधन इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर दोषियों पर क्या कार्रवाई करते हैं।




