Singrauli News: पवन हत्याकांड के बाद मोरवा में अलर्ट, भारी पुलिस बल तैनात
संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी

Singrauli News: मोरवा थाना क्षेत्र में किशोर पवन शाह हत्याकांड के बाद आज शव का पीएम समेत अंतेष्टि होनी है। कल भड़की हिंसा और तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। मोरवा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमावर्ती जिले सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना से अतिरिक्त पुलिस बल मंगा लिया गया है। देर रात से सुबह तक विभिन्न वाहनों से बलों का आना जारी रहा।
सिंगरौली पुलिस द्वारा मोरवा सहित शहर के कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद मोरवा, माड़ा, महिला थाना, अजाक थाना समेत विभिन्न थानों और चौकियों से पुलिस बल लगाया गया है। वहीं जिले के अन्य थानों के साथ-साथ बाहरी बल भी बुलाकर कुल सैकड़ों पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। प्रशासन ने साईंनगर सर्किट हाउस, पुरानी बाजार, अंबेडकर नगर, गैस गोदाम क्षेत्र, चटका मुक्तिधाम समेत कई स्थानों को संवेदनशील मानते हुए विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।
जानकारी अनुसार पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करें और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति बनने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दें। सभी जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ ड्यूटी पर उपस्थित रहने के आदेश भी दिए गए हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिला अस्पताल बैढ़न, कलेक्ट्रेट कार्यालय और न्यायालय परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इन स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात कर आवागमन और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि बुधवार को लापता किशोर का शव मिलने के बाद मोरवा थाने के सामने उग्र प्रदर्शन, पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा था। देर रात भी लोगों ने साईं नगर कॉलोनी में पंकज गुप्ता के अवैध अहाते समेत उसकी स्कॉर्पियो वाहन को आग के हवाले कर दिया गया था। इसके बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। जिसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार सुबह से ही स्थिति नियंत्रण में दिखी, लेकिन पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।




