Singrauli News: कलयुगी बेटे ने पीट-पीटकर की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
घरेलू विवाद बना खून का कारण, नाबालिग बेटे ने पुलिस के सामने कबूला अपराध, सरई थाना क्षेत्र के गन्नई गांव में सनसनी

सिंगरौली । जिले के सरई थाना क्षेत्र के गन्नई गांव में बीते दिन मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रघुनाथ कोल निवासी तेदूहा गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिता और पुत्र के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। मंगलवार की रात भी दोनों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर बेटे ने लोहे की करछुल से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में रघुनाथ कोल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछतांछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता और पुत्र दोनों शराब के नशे में थे। घरेलू विवाद के दौरान दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी बेटे ने गुस्से में आकर हमला कर दिया। घटना बीते मंगलवार की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग बेटे से पूछतांछ की जा रही है और उसने अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।




