Sonbhadra News: नायडू गैंग के तीन बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ़्तार, बच्चों से करवाता था अपराध

रॉबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान के पास से दिनदहाड़े कार की सीट पर रखा 10 लाख रुपये से भरा बैग गायब करने वाले तीन अंतरराज्यीय बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया. बृहस्पतिवार की रात चुर्क स्टेशन के पास हुई मुठभेड़ में दो बदमाश जख्मी हुए. उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. पुलिस ने दावा किया है कि गिरोह का नेटवर्क पूरे देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ है. इसी गिरोह ने पिछले माह फतेहपुर में भी वारदात को अंजाम दिया था. वह बच्चों की मदद से अपराध करते थे.
बलिया के विद्यासागर तिवारी ने गत 26 दिसंबर को रॉबर्ट्सगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी कंपनी सीएसडी इंफ्रा के कैशियर प्रकाश द्विवेदी व चालक रविकांत बैंक ऑफ बड़ौदा मुख्य शाखा रॉबर्ट्सगंज से 10 लाख रुपये नकद निकालकर कार से जा रहे थे।रामलीला मैदान के पास कार पंक्चर होने पर चालक नीचे उतरकर उसे ठीक करने लगा. इसी दौरान एक व्यक्ति ने कैशियर को भ्रमित कर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन में जुटी थी.




