Singrauli News: ख़िरवा में पुरानी रंजिश में व्यक्ति पर हमला, पत्थर से मारकर किया घायल
गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज जारी

थाना मोरवा क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें सुरजमन साकेत गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज ट्रामा सेंटर में जारी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार 27 मार्च की शाम करीब 6 बजे ग्राम खिरवा के भोजी चौराहे समीप दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान गांव के ही अक्षय कोल और राकेश कोल ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने पत्थर उठाकर सुरजमन साकेत के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी।जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज हेतु तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल अपराध क्रमांक 175/26 धारा 196 (बी), 109(2), 351(3), 3(5) बीएनएस कायम कर प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं शनिवार सुबह निरीक्षक ने घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि दोनों आरोपी आदतन बदमाश हैं और आये दिन विवाद करते रहते हैं।




