Sonbhadra News: निजी बैंक के सुरक्षाकर्मी की बंदूक से चली गोली से एक युवक हुआ घायल

अनपरा, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के औड़ी मोड़ के पास गुरुवार की शाम मामूली कहासुनी के बाद एक निजी बैंक के सुरक्षाकर्मी की बंदूक से चली गोली से एक युवक घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुरक्षाकर्मी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। वही घायल युवक को अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। मामले को लेकर पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि 12 मार्च 2026 को शाम करीब 5-30 बजे अनपरा थाना क्षेत्र के औड़ी मोड़ के पास बसंत लाल पुत्र रामकिशन पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सुखन पुत्र लक्ष्मण, जो एक निजी बैंक में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत है, की एक नली बंदूक से गोली चल गई। गोली बसंत लाल के बाएं हाथ में लग गई, जिससे वह घायल हो गए। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे खतरे से बाहर बताया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सुरक्षाकर्मी को हिरासत में ले लिया है और थाना अनपरा में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



