Singrauli News: ओवरलोड राखड़ और बिना तिरपाल परिवहन पर शिकंजा
परिवहन विभाग ने सघन जांच अभियान के तहत वाहनों से वसूले गये 4 लाख रूपये

सिंगरौली । कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा जिले में सघन जाँच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान प्रदूषण मानकों, सड़क सुरक्षा नियमों और मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले मालवाहक वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। विशेष रूप से कोयला, रेत, गिट्टी और राखड़ का ओवरलोड एवं बिना तिरपाल परिवहन करने वाले वाहनों को चिन्हित कर चालानी कार्रवाई की गई। बिना तिरपाल परिवहन से उड़ने वाली राखड़ और धूल से पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है, जिसे देखते हुए विभाग ने सख्ती दिखाई। यह सघन जाँच अभियान परसौना चौकी से बरगवां, बायपास, विंध्यनगर-तेलदह, शक्तिनगर मार्ग, बंधा-उज्जैनी, सरई मार्ग तथा झिंगुरदह, शुक्ला मोड़ तक संचालित किया गया। इस दौरान वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र पीयूसी, बीमा, फिटनेस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहन जाँच की गई।
सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर आरटीओ सख्त
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसपी मनीष खत्री के निर्देशानुसार चिन्हित मालवाहक वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए गए, ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। यह पहल सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जाँच के दौरान परिवहन विभाग द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से कुल 4 लाख 4 हजार रुपये का शासकीय राजस्व वसूला गया। आरटीओ विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि यह अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी इसका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




