Singrauli News : कलेक्ट्रोरेट में बयान देने पहुंचे थे विपक्षी दलों के पार्षद
पार्षदों में नाराजगी, बोले सरकार के दबाव में अधिकारी कर रहे काम, नहीं दर्ज हुआ बयान

सिंगरौली। नगर निगम अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बीएसपी के पार्षदों को आज उस वक्त कलेक्ट्रेट से बैरंग लौटना पड़ गया, जब वह आज कलेक्ट्रेट में अपना बयान दर्ज करवाने के लिए पहुंचे थे। लेकिन कई घंटे के इंतजार के बाद भी ना ही कोई अधिकारी मिले और ना ही पार्षदों का बयान दर्ज हुआ। अधिकारियों के इस गैर जिम्मेदार आना रवैए से पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की है।
बता दें कि ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय के खिलाफ पार्षदों ने 30 सितंबर को कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला को अविश्वास प्रस्ताव पत्र सौंपा था। जहां पार्षदों को आज दिन शुक्रवार 3 अक्टूबर को सुनवाई का समय दिया गया था। आज पार्षद करीब 11 बजे से ही कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कई घंटे के इंतजार के बाद जब उन्हें कोई अधिकारी नहीं मिले, ना ही उनके बयान दर्ज हो पाए तो भड़ास निकालते हुए सभी पार्षद वापस लौट गए। नेता पुष्पराज सिंह का आरोप है कि जिला प्रशासन भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। आज हमे बयान दर्ज करवाने के लिए कलेक्ट्रेट बुलाया गया था, हम सभी 22 पार्षद समय से यहां पहुंच गए थे, बावजूद इसके हमें यहां कोई अधिकारी नहीं मिले। बताया गया है कि कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला का तबादला हो गया है और नए कलेक्टर ने अभी ज्वाइन नहीं किया है, इसलिए अब आप लोग शुक्रवार को आइए, जबकि ननि के एक्ट में इस बात का प्रावधान है कि हमने जिस दिन सूचना दी है उसके 10 दिन के भीतर अविश्वास प्रस्ताव लाने या की ना लाने के संबंध में फैसला लेना है। फिर भी आज हमें खाली लौटना पड़ रहा है। पार्षदो अनिल कुमार वैश्य ने भी गंभीर आरोप लगाया है।