सिंगरौली में कोयला चोरी का प्रयास नाकाम, अंधेरे में खदानों को बनाया जा रहा निशाना

जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल की झिंगुरदा परियोजना के पास कोयला चोरी का मामला सामने आया है। एनसीएल में लगी सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से चोरी का प्रयास विफल हो गया और पुलिस ने एक पिकअप वाहन जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी एनसीएल के सुरक्षा निरीक्षक सुनील सिंह ने थाना मोरवा में इसकी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे नाइट पेट्रोलिंग के दौरान एक पिकअप वाहन क्रमांक UP64 AT 4534 झिंगुरदा परियोजना के कुआं बस्ती के पास खड़ा मिला।
जांच के दौरान पाया गया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति वाहन में कोयला लोड कर रहे थे। पेट्रोलिंग टीम को देखते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर थाना मोरवा ले गई। वाहन में करीब 2 टन कोयला लोड था, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कपूर त्रिपाठी द्वारा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) और 317(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में खदानों में सेंध लगाकर कोयला चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मोरवा पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




