Singrauli News: आठ ऑनलाइन दुकानों में चोरों का धावा
परिवहन विभाग पचौर क्षेत्र में टीन शेड तोड़कर लाखों की चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

सिंगरौली । कोतवाली बैढ़न थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। परिवहन विभाग पचौर के समीप दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक साथ आधा दर्जन से अधिक ऑनलाइन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और जहां दुकानदारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
ऑनलाइन दुकान संचालक राम प्रकाश बैस ने बताया कि चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर बैटरी व इन्वर्टर चोरी कर लिया। वहीं गंगेश्वर पाठक, प्रीतेश पाठक, गोविंद सिंह एवं अमित शर्मा की दुकानों का टीन शेड तोड़कर लैपटॉप, प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, सीपीयू सहित कीमती उपकरण चोरी कर लिए गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरों ने एक लाख रुपये से अधिक का माल पार किया है। इसी दौरान उमेश पांडेय और संजय सिंह की दुकानों के ताले भी तोड़े गए, हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ। एक ही रात में इतने बड़े पैमाने पर चोरी की वारदात ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात्रि गश्त नियमित होती तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, परंतु पुलिस की सक्रियता केवल कागजों तक सीमित रह गई है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीव्ही कैमरों की निगरानी सख्त करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे तथा आमजन की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होगा।
पूर्व में गठित एसआईटी भी चोरों को पकड़ने में नाकाम
जिले में चोरियों का ग्राफ पिछले वर्ष काफी तेजी से बढ़ा। जहां चोरों के धरपकड़ के लिए पुलिस कप्तान ने एसआईटी टीम का गठन किया था। किंतु कोतवाली क्षेत्र बैढ़न समेत अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों का पता लगाने में एसआईटी टीम करीब-करीब असफल रही है। हालांकि बीच-बीच में छोटी-छोटी चोरियों को पकड़ कर एसआईटी टीम के कर्ताधर्ता अपनी स्वयं की पीठ थपथपा रहते थे। लेकिन बड़ी चोरियों का खुलासा नही कर पाये और अब एक ही रात में आठ ऑनलाईन दुकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रूपये के लेपटोप व अन्य मटेरियल पार कर गये, ऐसे में कोतवाली पुलिस की रातकालीन गस्त पर भी तरह-तरह के सवाल उठाये जा रहे हैं। आरोप लगाये जा रहे हैं कि पुलिस का इन दिनों सबसे ज्यादा ध्यान रेत पर है, जहां रात के समय कोतवाली क्षेत्र में कारोबारियों को खुली छूट दे रखी है और उन्ही के देख-रेख में लगी रहती है।
इनका कहना:-
घटना की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक एवं अन्य स्टाफ को भेजा गया था, जांच पड़ताल करते हुये अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।
अशोक सिंह परिहार
निरीक्षक, कोतवाली बैढ़न




