मध्य प्रदेश

Singrauli News: गोरबी पुलिस ने सिंगरौली बरगवां मार्ग को दुरुस्त कराकर राहगीरों को दी राहत

Join WhatsApp group

सिंगरौली गोरबी मुख्य मार्ग पर लंबे समय से बने गहरे और जानलेवा गड्ढों को लेकर प्रकाशित खबर का असर आखिरकार दिखा। प्रशासन और एनसीएल प्रबंधन द्वारा जिम्मेदारी न निभाए जाने के बावजूद सिंगरौली पुलिस ने एक बार फिर जनहित में अग्रणी भूमिका निभाते हुए सिंगरौली–बरगवां मार्ग को दुरुस्त करवाया। मोरवा को बरगवां से जोड़ने वाले इस अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग पर लगातार पानी बहने और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए थे। इन गड्ढों के चलते आए दिन दुपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे थे, वहीं भारी कोल वाहनों के फंसने से मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी रहती थी। इस 25 किलोमीटर लंबे मार्ग को तय करने में राहगीरों को कई बार घंटों का समय लग जाता था।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए *गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह* ने स्वयं पहल करते हुए स्थानीय संविदाकारों के सहयोग से *परेवा नाला सहित गोरबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत नोढिया एवं महदईया* गांवों में बने जानलेवा गड्ढों को भरवाया। गिट्टी, मोरम और बोल्डर डालकर रोलर के माध्यम से सड़क को चलने योग्य बनाया गया।

 

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों कोल वाहनों सहित हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिनमें स्कूली बच्चों और मरीजों को ले जाने वाले वाहन भी शामिल रहते हैं। सड़क दुरुस्त होने से अब वाहन चालकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।

 

गोरबी पुलिस की इस सराहनीय पहल की ग्रामीणों, वाहन चालकों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए सड़क का स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और एनसीएल प्रबंधन से समय रहते अपनी जिम्मेदारी निभाने की भी अपील की है।

आगे पढ़ें

यह भी खास है ! पढिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *