नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मायके वालों ने लगाया जहर देकर मारने का आरोप, पति ने बताया आत्महत्या

सतना. मैहर जिले में रविवार देर रात एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
महिला के पति का कहना है कि विवाद के बाद पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जबकि मायके वालों ने पति पर ही मैगी में जहर मिलाकर देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला के परिवार वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले 10 लाख रुपए दहेज के लिए बेटी को प्रताडति | कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत महिला की पहचान सचि मिश्रा (24) के रूप में हुई। वह मूल रूप से सतना के सभापुर की रहने वाली थी। मैहर में एक फाइनेंस कंपनी में काम करती थी। उसकी शादी 2023 में रीवा के सिमरिया निवासी अतुल मिश्रा (27) से हुई थी, जो एक प्राइवेट बैंक में कर्मचारी है। दोनों मैहर के हरनामपुर रोड पर किराए के मकान में रहते थे। सचि के भाई रजनीश तिवारी ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही सचि ने फोन पर अपनी मां से बात की थी। उसने बताया था कि मैं रोटी बना रही हूं और वो (पति अतुल) मैगी बना रहे हैं।
भाई ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के भाई का आरोप है कि इसी मैगी में जहर मिलाकर अतुल ने उसकी बहन को मार डाला। उसने कहा कि यह सोची-समझी साजिश है। रात 9 बजे घर में कीटनाशक कहां से आया ?
पति ने बताया आत्महत्या
आरोपी पति अतुल ने पुलिस को बताया कि रविवार रात किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर चला गया था। जब वह रात करीब 10 बजे लौटा, तो सचि ग्लास में कुछ घोलकर पी रही थी। उसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे अस्पताल ले गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।