MP Accident News : सर्चिंग कर रहे CRPF जवानों की गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी, 1 की मौत 4 घायल

MP Accident News : मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। सर्चिंग कर रहे सीआरपीएफ जवानों की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। खबर है कि इस घटना में एक जवान की मौत हो गयी है। चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गये। यह पूरी घटना बिरसा थाना क्षेत्र के गराटोल के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बिरसा थाना अंतर्गत सीआरपीएफ 7 बीएन डी कंपनी आज सुबह करीब 6 बजे मछुरदा एरिया डामिनेशन के लिए रवाना हुए थे। पाथरी और सुंदरवाही के बीच कुदान गांव के पास एक निजी बोलेरो से उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे में छत्तीसगढ़ के धमतरी निवासी कांस्टेबल तारकेश्वर टी (22) की मौत हो गई।
चार अन्य जवान एएसआई जदुनंदन पासवान, इंस्पेक्टर उमेश, एएसआई बिरजू दास, आर. राकेश यादव (30) घायल हो गये। हादसे की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के अन्य जवान और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस से महाराष्ट्र के गोंदिया रेफर किया गया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है। ये सभी जवान नक्सल प्रभावित मचुरदा पोस्ट पर हैं।