Singrauli News: पत्नी संग लकड़ी लेने जंगल गया अधेड़ भालू के हमले में घायल
गंभीर रूप से घायल को वनकर्मियों ने ट्रामा सेंटर में कराया भर्ती

सिंगरौली जंगल में लकड़ी लेने पहुंचे 55 वर्षीय जागबली पर भालू ने हमला कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल हुए जागबली पुत्र जयराम सिंह निवासी डिगवाह, थाना लंघाडोल को वनकर्मियों ने प्राथमिक उपचार के लिए लंघाडोल में भर्ती कराया। जहां से उसे ट्रामा सेंटर के लिए भेज दिया गया।
बताया जाता है कि रविवार की सुबह डिगवाह निवासी जागबली अपनी पत्नी के साथ जंगल में लकड़ी लेने गये थे। वहां पर महुआ की डोरी बीनने लगे। इसी समय किसी भालू का आमना-सामना हो गया और भालू ने जागबली पर हमला कर दिया। उनकी पत्नी ने शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों से मदद की गुहार लगाई। जैसे-तैसे भालू के चंगुल से छुड़ाया गया और तब तक भालू ने उसके शरीर के कई हिस्सों में काट लिया। खून से लथपथ घायल को देखा स्थानीय लोगों ने पुलिस थाना लंघाडोल और वन कर्मियों को सूचना दी। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। भालुओं के आसपास आने की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वन कर्मियों का कहना है कि भालू जब किसी व्यक्ति को झुके हुए देखता है तो उसे चार पैर वाले जानवर होने का अंदेशा होता है, जिससे वह उस पर हमला कर देता है।
दो दिन चले उपचार के बाद दी गई छुट्टी
लंघाडोल से वन कर्मियों ने जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है, दो दिन चले उपचार के उपरांत उन्हें मंगलवार को छुट्टी दे दी गई है। वन अमले ने घायल का उपचार कराया उन्हें रेबीज के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। फौरी मदद के लिए विभाग ने उपचार का पूरा खर्च और नगद राशि प्रदान करते हुए अस्पताल से घर भिजवाया है।
इनका कहना है
जंगल गये व्यक्ति का भालू से आमना-सामना हो गया था। जिस पर भालू परिवार के द्वारा हमला कर दिया गया था। घायल अधेड़ को उपचार के बाद उसके घर पहुंचा दिया गया है। शासन के नियमानुसार उपचार खर्च की राशि प्रदान की जायेगी। – एनके त्रिपाठी, एसडीओ