….मुख्यमंत्री का चौथी बार बना बहरी दौरा, तैयारी में जुटा प्रशासन
मुख्यमंत्री करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, सीईओ जिला पंचायत ने बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

सीधी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का चौथी बार बहरी आने का कार्यक्रम फिर सुर्खियों में बना है। इस बार 9 जनवरी 2026 को बहरी में मुख्यमंत्री के आम सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम तय किया गया है।
जिले के बहरी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 9 जनवरी को कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिले में पूर्ण हुए विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं नवीन कार्यों का शिलान्यास करेंगे तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभवितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे को व्यवस्थित, सफल एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। सीईओ जिला पंचायत द्वारा मंच एवं बैठक व्यवस्था, अतिथि सत्कार, मीडिया समन्वय, विद्युत आपूर्ति, स्वागत दल, सांस्कृक्तिक कार्यक्रम एवं हितग्राही लाभ वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश-निकास मार्गों की पृथक व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के सख्त पालन के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन व्यवस्था को सक्रिय रखने की बात कही। बैठक में संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी कुसमी विकास आनंद, सिहावल प्रिया पाठक, गोपद बनास राकेश शुक्ला, मझौली आर.पी. त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मिल सकती है बड़ी सौगातें : विश्वामित्र विधानसभा क्षेत्र सिहावल के विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री का 9 जनवरी 2026 को बहरी आगमन का कार्यक्रम निर्धारित हुआ है। क्षेत्रीय जनता जनार्दन मुख्यमंत्री के आने की बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन पर क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें मिल सकती हैं। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्रीय जनता की आवश्यकताओं को देखते हुए कई मांगों को पूरा किया जाएगा। जिसमें कुछ बड़ी मांगें भी जनता जनार्दन की पूरी होंगी।




