SIDHI NEWS: बहरी में खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो, तीन की मौत, तीन गंभीर
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े ट्रक से हुआ हादसा

सीधी, तेज रफ्तार बोलेरो के बहरी में खड़े ट्रक से टकराने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सीधी सिंगरौली नेशनल हाईवे पर आज रात 7.30 बजे की है। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह समेत अन्य जन प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा जहां हुआ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के लिए तैयारियां चल रही थी। ट्रक में टेंट का सामान रखा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बोलेरो वाहन जेठूला गांव निवासी जगदीश जायसवाल के नाम से रजिस्टर्ड है। जगदीश जायसवाल ने बताया कि उनके बेटे प्रिंस जायसवाल कार लेकर घर से निकला था। शुरुआत में उनके साथ दो लोग सवार थे लेकिन रास्ते में कुछ और लोग बैठ गए, जिससे वाहन में कुल 6 लोग हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। टकर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।
मृतक और घायलों के नाम
बहरी सड़क हादसे के मृतकों में शोयेब पिता शाहिद खान 18 वर्ष राहतगढ़ सागर टेंटवाला, गीता पिता रघुनाथ जायसवाल 55 वर्ष जेठूला, धर्मेन्द्र पिता चूडामणि जायसवाल 25 वर्ष जेठूला शामिल हैं। वहीं घायलों में अनय जायसवाल पिता जगदीश जायसवाल 20 वर्ष, प्रिंस पिता जगलाल जायसवाल 20 वर्ष, बालकृष्ण पिता बाबूलाल प्रजापति 30 वर्ष सभी निवासी जेठुला शामिल हैं।




