Satna News : पुलिस के लिए चुनौती बन गया गोली मारने वाला
फेल साबित हो रहा पुलिस का सूचना तंत्र

सतना. 5 फीट 6 इंच का दुबला पतला 20 साल का नौजवान पुलिस के हवलदार को गोली मार कर अब तक फरार है। पुलिस का दावा है कि इसे पकडने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसकी खबर देने वाले के लिए 30 हजार रुपए इनाम की घोषणा भी कर दी गई है। ऐसे में सवाल होना लाजमी है कि पुलिस को इसके बारे में कोई सूचना क्यों नहीं मिल रही? क्या इसे धरती खा गई या आसमान ने निगल लिया। आखिर कहीं तो यह पनाह ले रहा होगा। कोई तो इसे रोटी पानी दे रहा होगा। सवाल यह हो रहा है कि पुलिस का मुखबिर तंत्र क्या कर रहा है। इसके अलावा एक अहम सवाल अब यह खड़ा हो गया है कि वारदात के बाद वारदात करते हुए कहीं आदर्श शर्मा उर्फ अच्छू नाम के इस कथित आरोपी ने जंगल की शरण तो नहीं ले ली है। यह सवाल पुलिस की पेशानी पर बल बढ़ाने वाला हो सकता है। क्योंकि लगातार कई वर्षों तक कड़ी मशक्कत करने के बाद डकैतों से पुलिस और आम जनता का पीछा छूटा था। भय में जीवन बिताने वाले लोगों को डकैतों के आतंक से बड़ी मुश्किल से मुक्ति मिली थी। हथियार के साथ फरार यह कथित आरोपी कहीं अब जंगल की सत्ता संभालने के इरादे में तो नहीं है?
आखिर क्या है इरादा
चार दिन पहले इस आरोपी ने जिले के जैतवारा थाना परिसर में हवलदार को गोली मारी थी और फरार हो गया था। दूसरे दिन खबर उड़ी कि अपनी धाक जमाने के लिए इसने गांव के किसी शख्स पर गोली चलाई। इससे तो यही लगता है कि अपने नाम की धमक बनाने के इरादे से हथियार थामने वाला यह शख्स खून खराबे के इरादे से ही इधर-उधर भटक रहा है और अगर वाकई ऐसा है तो इसके जंगल में शरण लेने की संभावना से भला इनकार कैसे किया जा सकता है।