मध्य प्रदेश

Singrauli News: छूही खदान धंसने से महिला की मौत, एक गंभीर घायल

चितरंगी के वैरदह गांव में हादसा, सुरंग में फंसी थी दो महिलाएं

Join WhatsApp group

चितरंगी । स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत वैरदह गांव में सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां छुही निकालने के दौरान खदान की सुरंग धंस गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे खजुरिया टोला निवासी सुनीता शाह उम्र 32 पत्नी विश्राम शाह और सुनीता साह उम्र 34 पत्नी दादू लाल शाह वैरदह नाला के समीप स्थित एक सुरंगनुमा खदान में छुही निकालने गई थीं। इसी दौरान अचानक सुरंग भरभराकर धंस गई और दोनों महिलाएं अंदर ही फंस गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलवे को हटाकर दोनों महिलाओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सुनीता शाह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल सुनीता साह को तत्काल चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में इस तरह की असुरक्षित खदानों में छुही निकालने का कार्य लंबे समय से जारी है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक स्थलों पर रोक लगाने की मांग की है।

 

आगे पढ़ें

यह भी खास है ! पढिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *