Singrauli News: अवैध प्रेम संबंध में रची गई पति की हत्या की साजिश
पत्नी और प्रेमी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल से ले जाकर सुनसान जगह पर पत्थर से की गई हत्या
सिंगरौली । जिले के सरई थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह हत्या अवैध प्रेम संबंध के चलते रची गई साजिश का परिणाम निकली, जिसमें मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिलाया।

पुलिस के अनुसार 8 मार्च को चौकी निवास क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजनिया कटरा जंगल के पास एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान अजय वैश्य पिता राजबहोर बैस उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम देवरा, थाना मझौली, जिला सीधी के रूप में हुई। घटनास्थल पर शव के पास मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली थी। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछतांछ की। साथ ही फोरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले सुरागों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि युवक की हत्या पत्थर से सिर पर वार कर की गई है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। उक्त कार्रवाई में एसडीओपी गायत्री तिवारी, थाना प्रभारी सरई जितेन्द्र सिहं भदौरिया, चौकी प्रभारी निगरी उनि विनय शुक्ला समेत अन्य पुलिस कर्मियों का योगदान सराहनीय रहा।

अमर बहादुर से चल रहा था लव अफेयर
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछतांछ के आधार पर तीनों आरोपी अमर बहादुर पिता रविनंदन बैस उम्र 27 वर्ष निवासी मिसिरगवां, चन्द्रप्रताप उर्फ चन्दन बैस पिता लक्षमण बैस उम्र 24 वर्ष ग्राम चितावल थाना गढ़वा एवं उमा बैस पिता स्व. अजय बैस उम्र 19 वर्ष ग्राम गन्नई को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछतांछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की पूरी साजिश और घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त वाहन, कपड़े और अन्य साक्ष्य भी जप्त किए गए हैं। टीआई के अनुसार महिला का प्रेम संबंध अमर बहादुर के साथ था और उसी से शादी करना चाहती थी और अजय के साथ हुई शादी से वह खुश नही थी। इसीलिए मृतक की पत्नी उमा बैस व प्रेमी अमर बहादुर बैस ने अजय की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 (ए), 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पिछले माह अजय एवं उमा ने लिये थे फेरे
पुलिस ने जानकारी देते हुये बताया कि मृतक अजय बैस की शादी एक महीना पहले 12 फरवरी को उमा बैस के साथ हुई थी। लेकिन महिला शादी से खुश नही थी। पुलिस ने बताया कि अपनी पति की हत्या कराने में आरोपी महिला की भूमिका अहम रही है और प्रेमी-प्रेमिका मिलकर योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया है। बताया गया कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मृतक को मोटरसाइकिल से सुनसान इलाके की ओर ले गया। वहां पहले से लगाकर बैठे आरोपियों ने मौका मिलते ही मृतक के सिर पर बड़े पत्थर से बार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने घटना को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को मोटरसाइकिल के पास सड़क किनारे छोड़ दिया और फरार हो गए।




