मध्य प्रदेश

Singrauli News: सरई नगर परिषद में खुला सियासी संग्राम

अध्यक्ष अनुराधा सिंह का पोस्ट बना बवाल, पर्दे के पीछे विवादित पार्षद की भूमिका पर सवाल, संगठन में बढ़ता असंतोष,कांग्रेस से भाजपा में आए नेता पर उंगलियां, पार्टी को भीतर से कमजोर करने के आरोप

Join WhatsApp group

सिंगरौली । नगर परिषद सरई की राजनीति एक बार फिर उबाल पर है। नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए गए पोस्ट ने भाजपा के भीतर ही बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। अपने पोस्ट में अध्यक्ष अनुराधा सिंह ने सीधे तौर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित कुछ स्थानीय नेताओं पर मानसिक रूप से प्रताड़ि़त करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग भी की है। यही पोस्ट अब पार्टी की किरकिरी का कारण बनता जा रहा है।

अध्यक्ष अनुराधा सिंह का कहना है कि उन्हें लगातार मानसिक दबाव में रखा जा रहा है और संगठन के कुछ लोग जानबूझकर उनके कामकाज में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी संकेत दिया है कि नगर परिषद में जनहित के कार्यों को प्रभावित करने की साजिश की जा रही है। इस बयान के बाद भाजपा खेमे में हलचल तेज हो गई है और मामला सार्वजनिक बहस का विषय बन चुका है।

इसी बीच राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि पूरे विवाद के पीछे एक चर्चित और विवादित पार्षद की भूमिका है, जो पर्दे के पीछे से खेल खेल रहा है। बताया जा रहा है कि यह वही पार्षद है जो पूर्व में कांग्रेस में रहते हुए भी विवादों में रहा और अचानक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गया। अब आरोप लग रहे हैं कि उसकी मंशा भाजपा संगठन को अपने हिसाब से चलाने की है और अध्यक्ष को मोहरा बनाकर संगठन पर दबाव बनाया जा रहा है।

 

नप अध्यक्ष एवं बीजेपी संगठन में रार

भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए इस तरह के आरोप लगाना पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। वहीं दूसरी ओर अध्यक्ष द्वारा लगाए गए मानसिक प्रताड़ना के आरोपों ने संगठन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब निगाहें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह इस सियासी टकराव को कैसे संभालता है। क्या अध्यक्ष की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी या फिर यह विवाद सरई की राजनीति में भाजपा के लिए नई मुश्किलें खड़ी करता रहेगा। यह आने वाला समय तय करेगा।

आगे पढ़ें

यह भी खास है ! पढिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *